Kartik Purnima 2020: आज कार्तिक मास की पूर्णिमा है और इस तिथि पर देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है। वाराणसी में देव दीपावली का उत्सव बहुत ही भव्य होता है। हिंदू धर्म में कार्तिक मास की पूर्णिमा का विशेष महत्व होता है। शास्त्रों में सभी 12 महीनों में कार्तिक महीने को आध्यात्मिक एवं शारीरिक ऊर्जा संचय के लिए सर्वश्रेष्ठ माना गया है। पुराणों के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान, दान-पुण्य और दीपदान करने का बहुत महत्व है। इस दिन गंगा या अन्य किसी पवित्र नदी अथवा जलकुंड में स्नान करना बहुत फलदाई है। परन्तु इस साल कोरोना महामारी के चलते नदियों में स्न्नान करना संभव न हो तो घर पर सूर्योदय से पूर्व नहाने के जल में गंगा जल डालकर स्न्नान कर सकते हैं। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर इन कामों को करने से आपके जीवन में सुख-सौभाग्य की बरसात होगी वहीं कुछ काम ऐसे है जिन्हें इस दिन करने से आपका जीवन कष्टों से भर सकता है। आइए जानते हैं कार्तिक माह की पूर्णिमा का इतना महत्व क्यों है।